परिवहन निगम को मिले 100 करोड़, मुख्यमंत्री धामी ने योगी आदित्यनाथ का जताया आभार
1 min read
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा परिवहन निगम की परिसम्पत्तियों की अवशेष एक सौ करोड़ रुपये की धनराशि उत्तराखण्ड परिवहन निगम को उपलब्ध कराने के लिये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड परिवहन निगम को अवशेष धनराशि का भुगतान होने से दोनों राज्यों के परिवहन निगम के मध्य आस्तियों के विभाजन की समस्या का समाधान हुआ है। उक्त राशि से उत्तराखण्ड परिवहन निगम को अपनी अवस्थापना सुविधाओं के विकास में मदद मिलेगी।
वहीं, मंत्री चंदन राम दास का कहना है कि दोनो ही राज्यों के मुख्यमंत्रियों के प्रयास से लंबे समय से अटकी धनराशि की पहली किश्त 104 करोड़ मार्च में और बची हुई धनराशि 100 करोड़ उत्तराखण्ड के खाते में आ चुकी है। जो कि एक बड़ी उपलब्धि है। वहीं अब जल्द ही इस पैसे से परिवहन विभाग अपने बसों के बेड़े को बढ़ाने का काम करेगा। जिसमे पर्यावरण के अनुकूल बसों की खरीद होगी।