उत्तराखण्ड लोक विरासत 2026 – अपनी जड़ों से जुड़ने का उत्सव
1 min read


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सोशल बलूनी स्कूल, देहरादून में आयोजित ‘उत्तराखण्ड लोक विरासत 2026’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।उन्होंने प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक लोककलाओं, लोकगीतों, लोकनृत्यों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी पहचान, हमारे इतिहास, हमारी परंपराओं और हमारे पूर्वजों के संघर्षों की जीवंत अभिव्यक्ति है। इसे सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड लोक विरासत के इस उत्सव में सभी के बीच उपस्थित होकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। ऐसे आयोजन हमें अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ ही अपनी सांस्कृतिक पहचान पर गर्व करने का अवसर प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब ढोल-दमाऊं की थाप गूंजती है, लोकधुनों की मधुर स्वर लहरियां वातावरण में बिखरती हैं और पारंपरिक लोकनृत्यों के विविध रंग मंच पर दिखाई देते हैं, तो प्रत्येक उत्तराखण्डी का मन अपने गांव, अपने घर और अपनी मिट्टी की यादों से जुड़ जाता है। हमारी लोक परंपराओं में पहाड़ का जीवन, प्रकृति से जुड़ाव, सामाजिक समरसता और सामूहिकता की भावना समाहित है। लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से हमारे पुरखों की जीवनशैली, उनके संघर्ष, उनके अनुभव और उनकी भावनाएं पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ती रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को ‘विकास भी, विरासत भी’ का मंत्र दिया है। प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत अपनी प्राचीन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान दिलाने के साथ आधुनिक विकास की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्विकास और उज्जैन में महाकाल लोक का निर्माण इसी सांस्कृतिक पुनर्जागरण के महत्वपूर्ण उदाहरण हैं। इन प्रयासों से भारत की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी भावना के अनुरूप उत्तराखण्ड में भी राज्य सरकार अपनी धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है तथा इन पवित्र तीर्थस्थलों की गरिमा और आध्यात्मिक महत्व के अनुरूप विकास कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि विकास की आधुनिक सुविधाओं के साथ हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान भी अक्षुण्ण बनी रहे।
उन्होंने लोक कलाकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जिन कलाकारों ने अपना संपूर्ण जीवन उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं को समर्पित किया है, उनका सम्मान और सहयोग करना हमारी जिम्मेदारी है। लोक कलाकार हमारी सांस्कृतिक धरोहर के संवाहक हैं। उनके अनुभव, उनकी साधना और उनकी कला ने उत्तराखण्ड की पहचान को प्रदेश और देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लोक कलाकारों की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उनके सहयोग के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक छह महीने में लोक कलाकारों की सूची अपडेट की जाती है, ताकि जरूरत पड़ने पर पात्र कलाकारों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके। इसी प्रकार की सूची के आधार पर कोरोना काल में लगभग 3,200 सूचीबद्ध लोक कलाकारों को प्रतिमाह ₹2,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई थी। वर्तमान में पात्र वरिष्ठ एवं अस्वस्थ लोक कलाकारों को प्रतिमाह ₹3,000 की पेंशन भी दी जा रही है।
उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पहाड़ों में लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक कलाएं हमेशा से एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक सहज रूप से पहुंचती रही हैं। बच्चे अपने घर के बड़ों को देखकर, उनके साथ गाकर और पारंपरिक आयोजनों में शामिल होकर इन कलाओं को सीखते आए हैं। इसी परंपरा को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार छह माह की गुरु-शिष्य प्रशिक्षण कार्यशालाएं संचालित कर रही है। इन कार्यशालाओं के माध्यम से युवा पीढ़ी को अनुभवी लोक कलाकारों से सीधे सीखने का अवसर मिल रहा है। इसके साथ ही सांस्कृतिक धरोहर से संबंधित पुस्तकों और अन्य सामग्री के प्रकाशन के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है तथा लोक कला के संरक्षण और प्रदर्शन के लिए कला दीर्घाएं भी स्थापित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के साहित्यकारों और लेखकों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी समाज की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत बनाने में साहित्य की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उत्तराखण्ड की लोकभाषाओं, बोलियों और साहित्यिक परंपराओं में हमारी सभ्यता, जीवन दर्शन और सामाजिक मूल्यों की गहरी अभिव्यक्ति मिलती है। राज्य सरकार साहित्यकारों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कारों के माध्यम से उनका सम्मान कर रही है। हिंदी और स्थानीय भाषाओं में साहित्यिक ग्रंथों के प्रकाशन के लिए भी अनुदान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड की पहचान केवल यहां की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक परंपराओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक मूल्यों और विशिष्ट परंपराओं में भी इसकी आत्मा बसती है। राज्य सरकार देवभूमि की पहचान, सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए भी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी दिशा में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपनी लोक विरासत के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपने घर के बुजुर्गों से लोकगीत सीखें, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों को रिकॉर्ड करें और सोशल मीडिया सहित आधुनिक संचार माध्यमों के जरिए उन्हें अपने मित्रों और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। युवाओं की एक छोटी-सी पहल भी पहाड़ के किसी पुराने लोकगीत को नए श्रोताओं तक पहुंचाने का माध्यम बन सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति को सहेजना, संवारना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना ही हमारा ‘विकल्प रहित संकल्प’ है।
इस अवसर पर प्रसिद्ध लोकगायक प्रीतम भरतवाण सहित अनेक लोक कलाकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। लोकगीतों, पारंपरिक लोकधुनों और लोकनृत्यों ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत से भावनात्मक रूप से जोड़ दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, संस्कृति प्रेमियों, दर्शकों और युवाओं ने प्रतिभाग किया।


