भगवानपुर में 250 किलो गौमांस के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, चार फरार
1 min read
हरिद्वार पुलिस कप्तान के निर्देश पर जनपद में अपराधियों और गौवंश तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत भगवानपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने ग्राम सिकरोडा में छापेमारी कर गौकशी कर रहे एक आरोपी को मौके से दबोच लिया, जबकि उसके चार साथी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में गौमांस और गौकशी के उपकरण बरामद किए हैं।
कुत्तों के भौंकने और ‘कट-कट’ की आवाज से खुली पोल
29 मई 2026 को भगवानपुर कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सिकरोडा में बेरियों पीर की तरफ जाने वाले रास्ते पर अनवर के घर के पीछे आम के पेड़ के नीचे कुछ लोग गौकशी कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। जब पुलिस मौके के पास पहुंची, तो उन्हें लगातार ‘कट-कट’ की आवाज सुनाई दी और वहां कुछ कुत्ते भी इकट्ठा थे। पुलिस टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए दबे कदमों से घेराबंदी की, तो वहां 5 लोग गाय काटते हुए दिखाई दिए।
पुलिस को देख मची भगदड़, एक गिरफ्तार
पुलिस टीम को अपनी तरफ आता देख आरोपी मौके से भागने लगे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा कर एक आरोपी इरशाद को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसके चार अन्य साथी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने घटनास्थल से लगभग 250 किलोग्राम गौमांस, गौवंशीय अवशेष (शिर, खुर, खाल) और 2 लोहे की छुरियां बरामद की हैं। बरामद मांस को कानूनी प्रक्रिया के तहत गड्ढा खुदवाकर और अम्लीय (एसिड) छिड़काव करवाकर मौके पर ही नष्ट कर दबा दिया गया।
गोवंश अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
पकड़े गए आरोपी और उसके फरार साथियों के खिलाफ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
