एससी आयोग की दो दिवसीय जनसुनवाई संपन्न, अध्यक्ष मुकेश कुमार बोले – जिलों में लगेंगे वृहद शिविर
1 min read
उत्तराखण्ड अनुसूचित जाति आयोग के तत्वावधान में आज देहरादून के धर्मपुर डांडा स्थित आयोग कार्यालय में अध्यक्ष मुकेश कुमार की अध्यक्षता में दो दिवसीय जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 47 प्रकरणों की सुनवाई हुई, जिसमें से 27 प्रकरणों का निस्तारण किया गया तथा शेष के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस मौके पर अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि अनुसूचित जाति के व्यक्तियों की समस्याओं के निराकरण के लिए जिलों में वृहद स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे, ताकि जन समस्याओं के निराकरण के साथ ही लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
दो दिवसीय जनसुनवाई कार्यक्रम में देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल, रूद्रप्रयाग समेत अन्य जिलों से आए शिकायतकर्ताओं के प्रकरणों पर गंभीरता से सुनवाई की गई। शिकायतों में अनुसूचित जाति के परिवारों को पेयजल कनेक्शन न देने, भूमि से अवैध कब्जा हटाने, भूमि की पैमाइश, छात्रवृत्ति का भुगतान, कृषि भूमि का दाखिला करने, आउटसोर्स पर तैनात कर्मियों को न हटाने, भूमि का कब्जा दिलाने, पदोन्नति, सेवा बहाली, जातिगत भेदभाव, मृतक आश्रित प्रमाणपत्र न बनने आदि की शिकायतें शामिल रहीं।
इस अवसर पर आयोग के सदस्य विशाल मुखिया, भागीरथी कुंजवाल, सुनीता देवी, सचिव कविता टम्टा, विधि सलाहकार राजू मेहर, तीरपन सिंह आदि उपस्थित रहे।
