हरिद्वार: बेरोजगारी के खिलाफ हरीश रावत निकालेंगे पदयात्रा
1 min read
उत्तराखंड अधीनस्थ चयन सेवा आयोग के भर्ती घोटाले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई के साथ हरिद्वार में बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस शुक्रवार को पदयात्रा निकालेगी। इस पदयात्रा का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत करेंगे।
यह जानकारी कांग्रेस नेता मनीष कर्णवाल ने दी। उन्होंने बताया कि पदयात्रा भगत सिंह से चौक से प्रारंभ होकर सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर समाप्त होगी। कांग्रेस की मांग है कि स्थानीय उद्योगों में 70 प्रतिशत स्थानीय नौजवानों को काम के नियम का कड़ाई से पालन हो। सिडकुल में बंद पड़े हुए उद्योगों को फिर से प्रारंभ करवाया जाए। उद्योगों में काम करने वाले नौजवानों के काम के घंटे तो बढ़ गए हैं, मगर वेतन घट गया है। काम के अनुसार वेतन वृद्धि की जाए।
बीएचईएल में भर्ती पर लगी अघोषित रोक समाप्त की जाए। बीएचईएल का कार्यभार बढ़ाया जाए और नई भर्तियां की जाएं। बीएचईएल से हटाए गए संविदा कर्मियों और अस्थायी कर्मचारियों को पुनः सेवा में लिया जाए।सिडकुल के कुछ उद्यमों से निकाले गए कर्मचारियों को पुनः वापस काम पर लिया जाए। राजकीय सेवाओं में रिक्त पड़े पदों पर भर्तियां शीघ्र हों। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्तियों में हुए घोटालों के दोषियों को दंडित किया जाए।