November 23, 2026

Today news11

Hindi news,Latest News In Hindi, Breaking News Headlines Today ,हिंदी समाचार,Today news11

श्रीनगर में छाया बैकुंठ चतुर्दशी मेला, सीएम धामी ने की बड़ी घोषणाओं की बौछार

1 min read

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज श्रीनगर,पौड़ी गढ़वाल में आयोजित बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा एवं जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने सिलबट्टे से पहाड़ी नमक भी पीसा। मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। केदारखंड मंदिर माला मिशन, मानसखंड मंदिर माला मिशन तथा अन्य योजनाओं के माध्यम से धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। राज्य सरकार भ्रष्टाचार एवं नकल माफिया के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रही है। राज्य सरकार के प्रयासों से पिछले 5 सालों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। राज्य सरकार विकास और विरासत के संकल्प के साथ उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने की दिशा में कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि श्रीनगर क्षेत्र में लगभग ₹200 करोड़ की सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। लगभग ₹650 करोड़ की लागत से एनआईटी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। क्षेत्र में पैरामेडिकल कॉलेज एवं नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। नगर में आधुनिक बस स्टैंड एवं पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य काफी तेजी से हो रहा है। रेल कनेक्टिविटी के विस्तार से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ पर्यटन एवं स्थानीय आर्थिकी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेस अस्पताल श्रीनगर में लगभग ₹25 करोड़ की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। नगर निगम क्षेत्र में लगभग नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, सड़क एवं नाली निर्माण तथा पार्कों के सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्य शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। इससे स्थानीय लोगों, पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में यूकॉस्ट के माध्यम से साइंस सिटी विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने की बात भी कही। इसके साथ ही विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग एवं देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण तथा धारी देवी मंदिर के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग प्रदान करने की भी घोषणा की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण तथा शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन भी किया।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में श्रीनगर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, महापौर श्रीनगर आरती भंडारी, डीएम स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ अशोक जोशी, एसडीएम नूपुर वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!