मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री बदरीनाथ धाम में किए प्रभु बदरी नारायण के दर्शन
1 min read
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज भू-बैकुंठ श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर प्रभु श्री बदरी नारायण के दिव्य दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।
इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने धाम में आए श्रद्धालुओं के साथ आत्मीय संवाद किया और उनके यात्रा अनुभवों को जाना। उन्होंने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं के बारे में श्रद्धालुओं से फीडबैक भी लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु हमारे लिए अतिथि ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की आस्था और संस्कृति का सहभागी है। राज्य सरकार का प्रयास है कि यहां आने वाला हर श्रद्धालु अपने साथ देवभूमि की आत्मीयता, आध्यात्मिक शांति और सुखद स्मृतियां लेकर लौटे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा मार्गों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
